मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। टेलीविजन धारावाहिक ‘ये है महोब्बतें’ में नकारात्मक भूमिका निभा रहीं अभिनेत्री शिरीन मिर्जा का कहना है कि उन्हें मुंबई में घर तलाशने में काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। इसकी तीन वजहें हैं; मुसलमान होना, गैरशादीशुदा महिला होना और एक कलाकार होना।
शिरीन ने एक फोटो के साथ फेसबुक पोस्ट में अपना दुख बयान किया। उन्होंने लिखा, “मैं मुंबई में घर पाने लायक नहीं हूं क्योंकि मैं एम बी ए (मुस्लिम, बैचलर, ऐक्टर) हूं।”
उन्होंने लिखा, “यह तस्वीर तब ली गई थी जब मैं मुंबई में रहने के सपने लेकर आई थी। यहां 8 साल बिताने के बाद मुझे अब यह सुनने को मिल रहा है। हां, मैं ऐक्टर हूं और मैं न तो सिगरेट पीती हूं न शराब पीती हूं और न ही मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ऐसे में वे (मकान मालिक) मेरे पेशे के आधार पर मेरे कैरक्टर को कैसे आंक सकते हैं?”
शिरीन ने आगे लिखा, “दूसरी बात, मैं अविवाहित हूं। मैं जब घर के लिए ब्रोकर्स को फोन करती हूं तो वे फ्लैट के लिए ज्यादा किराया मांगते हैं। वे साफ कहते हैं कि ज्यादा रुपये दो वरना तुम्हें फ्लैट नहीं मिलेगा क्योंकि तुम बैचलर हो। मेरा सवाल है कि शोरशराबा तो परिवार वाले भी पैदा कर सकते हैं।”
शिरीन ने लिखा कि उन्हें दो टूक अंदाज में बताया गया कि अगर आप मुसलमान हैं तो दिक्कत है।
उन्होंने लिखा, “तीसरी बात, मैंने एक अन्य शख्स को फोन किया जिसने पूछा कि मैं हिंदू हूं या मुस्लिम। बाद में जवाब दिया कि मुसलमानों को प्रेफर नहीं किया जाता। उन्होंने यह सलाह भी दी कि आप अपने दोस्त के नाम पर फ्लैट ले लें लेकिन वह मुस्लिम नहीं होना चाहिए। मेरा मतलब है कि आखिर नाम में क्या है? सबका खून एक जैसा ही है।”
dharmpath.com dharmpath