मूसलधार बारिश ने थामी मुंबई की रफ्तार

मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। फिल्म नगरी मुंबई और इसके आसपास के इलाकों की रफ्तार गुरुवार शाम से हो रही मूसलधार बारिश की वजह शुक्रवार को थम सी गई। यहां मानसून आए अभी मुश्किल से एक सप्ताह हुआ है।

अधिकारियों ने कहा कि रेलवे लाइनों पर भारी जलभराव के कारण मुंबई शहर की जीवनरेखा कहलाने वाला उपनगरीय रेलवे नेटवर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस वजह से नौकरीपेशा लोगों को समय से दफ्तर पहुंचने में खासा परेशानी हो रही है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले दो दिनों के दौरान मुंबई, तटीय कोंकण और अन्य हिस्सों में 60 समुद्री मील की रफ्तार से तेज हवा और समुद्री लहरों के साथ भारी बारिश होने की आशंका जताई है।

रेलवे के अधिकारियों और बृहन्नमुंबई नगर निगम (बीएमसी) आपदा प्रकोष्ठ ने कहा कि मध्य रेलवे सीआर, हार्बर लाइन और वेस्टर्न रेलवे वीआर ने शहर में सुबह के शुरुआती घंटों में कुछ सेवाएं शुरू कीं। वे अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं और बाद में रद्द कर दी गईं।

सभी सेक्शन पर लंबी दूरी की रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ। इन्हें मुंबई से गुजरात, नई दिल्ली, नागपुर, पुणे और गोवा रूट पर विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रोकना पड़ा।

मुंबई की महापौर स्नेहल अंबेकर ने कहा कि शहर के जलभराव वाले इलाकों से बारिश का पानी निकालने के लिए 100 से अधिक पंप काम कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को समुद्र तट और समुद्र किनारे न घूमने की सलाह दी है।

मुंबई शहर में शुक्रवार सुबह करीब 170 मिलीमीटर और इसके उपनगरों में करीब 155 मिलीमीटर की औसत बारिश दर्ज की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493