मृत लातवियाई महिला के परिजनों ने न्याय की मांग की

तिरुवनंतपुरम, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल में आयुर्वेदिक उपचार कराने आई लातवियाई महिला पर्यटक का शव मिलने के बाद उसके परिजनों ने सोमवार को उसकी मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और दावा किया कि उसकी मौत आत्महत्या करने से नहीं हुई है।

लातवियाई महिला पर्यटक का शव शुक्रवार को केरल में कोवलम के पास पाया गया था।

पिछले महीने यहां से लापता हुईं लिगा स्क्रोमने (33) का शव काफी बुरी अवस्था में शुक्रवार को बरामद किया गया। उनकी बहन इल्जी ने शव की पहचान की थी।

इल्जी ने मीडिया से कहा, “मैं अपनी बहन के लिए न्याय चाहती हूं। हम खुश हैं कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। हम जानना चाहते हैं कि उसके साथ क्या हुआ था।”

लीगा के पति एंड्रयू ने केरल के लोगों के प्यार और समर्थन के लिए शुक्रिया अदा किया और कहा, “पुलिस को अब इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए, ताकि इस तरह का मामला और किसी के साथ न हो।”

उन्होंने कहा, “यह शव जहां पाया गया है, हम चाहते हैं कि उस जगह के लोग आगे आए और अगर उन्होंने कुछ देखा है, तो उसके बारे में बताए। यह आत्महत्या नहीं है।”

केरल सरकार ने सोमवार को मृतक के परिजनों के लिए 5 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की।

केरल पुलिस के प्रमुख लोकनाथ बेहरा ने कहा कि यह जांच अब चुनौती का विषय बन गई है।

उन्होंने कहा, “हमारे राज्य में एक विदेशी पर्यटक की मौत हुई है और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि यह मामला सुलझे।”

लीगा और इल्जी त्रिवेंद्रम के बाहरी इलाके में अपना आयुर्वेदिक उपचार करवाने आई थीं।

लीगा 14 मार्च को लापता हो गई थीं। उनके बारे में अंतिम सूचना यही मिली थी कि उन्होंने कोवलम जाने के लिए ऑटो लिया था। उनके पास उस वक्त पासपोर्ट या मोबाइल फोन नहीं था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493