मेक्सिको सिटी, 27 जनवरी (आईएएनएस)। मेक्सिको के गूरेरो राज्य में साल 2014 में लापता हुए 43 छात्रों के माता-पिता ने यहां विरोध प्रदर्शन किया।
समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, सामाजिक संस्थाओं के साथ परिवार के सदस्यों ने गुरुवार को आंजेल दे ला इंडीपेंडेंसिया स्मारक से राजधानी के मुख्य स्क्वायर जोकालो तक मार्च करने से पहले अटार्नी जनरल के कार्यालय के बाहर छह घंटे तक धरना दिया।
धरने के दौरान वकील विडुल्फो रोजेल्स और अभिभावकों के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से मुलाकात करने की मांग करते हुए भवन में प्रवेश किया।
उन्होंने कार्यालय से निकलकर यह बताया कि नौ फरवरी को अटार्नी जनरल राउल सरवान्तेस के साथ मुलाकात और सरकारी सचिवालय के अधिकारयिों के साथ 10 फरवरी को बातचीत होने की संभावना है।
रोजेल्स ने कहा, “हम यहां सत्य और न्याय की मांग करना जारी रखेंगे।”
उन्होंने बताया कि छात्रों के बारे में कोई सुराग नहीं है, जांच अनियमित और त्रुटिपूर्ण है।
26 सितम्बर 2014 की रात को आयोत्जीनापा नार्मल स्कूल के छात्रों पर गुरेरो के इगुआला में हमला किया गया था। यह सभी मेक्सिको सिटी में विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे थे। उनकी बसों को कब्जे में ले लिया गया था। कॉलेज को वामपंथी सक्रियता के लिए जाना जाता है।
हमले में तीन छात्र सहित छह लोग मारे गए थे और 25 अन्य घायल हुए थे। जबकि, 43 छात्रों का अपहरण कर लिया गया था।
मेक्सिको की सरकार का कहना है कि इगुआला के भ्रष्ट महापौर के आदेश के बाद नगर निगम की पुलिस ने छात्रों का अपहरण कर लिया और इन छात्रों को स्थानीय मादक पदार्थो की तस्करी करने वाले गिरोह ने मार डाला।
मेक्सिको के और अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों का मानना है कि शवों को उस तरह से ठिकाने नहीं लगाया जा सकता जिस प्रकार सरकार ने बताया है। अटार्नी जनरल के दफ्तर से लीक हुई रिपोर्ट से पता चलता है कि इस हिसक वारदात में संघीय पुलिस और सैनिक शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath