पंजाब में अमरिंदर कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार : राहुल (लीड-1)

मजीठा (पंजाब), 27 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर लगाई जा रही सभी अटकलों को समाप्त करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कैप्टन अमरिंदर सिंह को राज्य में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया।

अमृतसर के नजदीक अकाली दल का गढ़ माने जाने वाले विधानसभा क्षेत्र मजीठा में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस राज्य का नेतृत्व केवल एक पंजाबी नेता कर सकता है।

राहुल ने कहा, “आपके मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार यहां (मंच पर) बैठे हुए हैं। अमरिंदर हमारे नेता हैं, जो अगली सरकार का नेतृत्व करेंगे।”

पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए वोट चार फरवरी को डाले जाएंगे। यहां कांग्रेस का मुकाबला सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गठबंधन और आम आदमी पार्टी (आप) से है।

राहुल ने यह भी कहा कि यदि उनकी पार्टी राज्य की सत्ता में आती है तो वह नशीले पदार्थो के खिलाफ ऐसे सख्त कानून बनाएगी कि इसका कारोबार करने वाले इस बारे में सोचकर भी कांप जाएंगे।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ेगी और जीत भी हासिल करेगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493