नई दिल्ली, 10 फरवरी (आईएएनएस)। देश के मजबूत विनिर्माण क्षेत्र के कौशल को दर्शाने के लिए ‘मेक इन इंडिया वीक’ में ‘वीव्स ऑफ बनारस’ पेश किया जाएगा। इसमें बनारस की शिल्पकला, बुनकरों के कौशल का प्रदर्शन होगा।
मुंबई के आईटीसी ग्रैंड सेंट्रल में 14 फरवरी को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय तथा भारत फैशन डिजाइन काउंसिल (एफडीसीआई) के सहयोग से औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग इस शो की मेजबानी करेगा।
एक बयान में कहा गया कि एफडीसीआई द्वारा इस शो का आयोजन किया गया है और इस शो में बनारस की शिल्पकला, बुनकरों के कौशल का प्रदर्शन होगा।
औद्योगिक नीति एवं संवर्धन विभाग (डीआईपीपी) के सचिव अमिताभ कांत ने कहा, “बनारस केवल सभ्यता का ही नहीं, बल्कि वस्त्र, संरचना और बुनाई का उत्पत्ति स्थान है। बनारस में दिग्गज बुनकर अपनी जादूगरी वाली बुनाई से भारतीय रंगों और डिजाइनों का इस्तेमाल कर उत्तम वस्त्रों का निर्माण करते हैं।”
उन्होंने कहा, “समारोह में पेश होने वाला ‘वीव्स ऑफ बनारस’ बेहतरीन शो होगा, जो भारत के बेहतरीन समकालीन डिजाइनरों और उनकी परंपरागत कला शक्ति पर प्रकाश डालेगा।”
एफडीसीआई के अध्यक्ष सुनील सेठी ने इस समारोह के आयोजन में एफडीसीआई को शामिल करने के लिए अमिताभ कांत का शुक्रिया अदा किया।
मुंबई में ‘मेक इन इंडिया 2016’ का आयोजन 13 फरवरी से होगा।
dharmpath.com dharmpath