तुरा (मेघालय), 16 मई (आईएएनएस)। मेघालय में तुरा संसदीय सीट के लिए सोमवार को हो रहे उपचुनाव में दोपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है।
यहां उपचुनाव पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पुर्नो ए. संगमा के चार मार्च को निधन के कारण कराया जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी फ्रेडरिक खारकोंगोर ने आईएएनएस से कहा, “मतदान शांतिपूर्वक जारी है। दोपहर एक बजे तक 44.2 प्रतिशत मतदान हुआ है।”
संगमा के छोटे बेटे कोनराड के. संगमा नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। यहां उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के दिक्कांची डी. शीरा से है, जो मुख्यमंत्री मुकुल संगमा की पत्नी हैं।
शीरा ने अंपति के चेंगकोम्पारा में अपना वोट डालने के बाद आईएएनएस से कहा, “हम जीत को लेकर आश्वस्त हैं। लोगों ने कांग्रेस सरकार के अच्छे काम को पहचाना है।”
शीरा 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा की सदस्य भी हैं। वह पति मुकुल संगमा तथा बेटी के साथ वोट डालने पहुंची थीं।
इससे पहले कोनराड ने भी जीत को लेकर आश्वस्त रहने की बात कही। उन्होंने जीत की आशा व्यक्त करते हुए कहा कि गारो हिल्स के मतदाता उनके दिवंगत पिता पुर्नो ए. संगमा को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें लोकसभा सदस्य के रूप में चुनेंगे।
कोनराड को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा युनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) जैसे क्षेत्रीय दलों का समर्थन प्राप्त है। वह मेघालय के पूर्व वित्त मंत्री तथा राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं।
दिवंगत पुर्नो संगमा ने 1977 से इस संसदीय क्षेत्र का नौ बार प्रतिनिधित्व किया। वह केवल 1989 और 2009 में यहां से चुनाव नहीं जीत पाए थे।
तुरा लोकसभा क्षेत्र में 6,22,189 मतदाता हैं। इसके अंतर्गत 24 विधानसभा सीटें आती हैं।
dharmpath.com dharmpath