शिलांग, 30 जून (आईएएनएस)। मेघालय में सत्तारूढ़ कांग्रेस को चॉकपोट विधानसभा सीट के लिए कराए गए उपचुनाव में जीत मिली है। मंगलवार को घोषित परिणाम के मुताबिक, कांग्रेस उम्मीदवार ब्लूबेल संगमा ने गारो नेशनल काउंसिल (जीएनसी) के उम्मीदवार को मात दी।
राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रशांत नाइक ने आईएएनएस को बताया कि कांग्रेस उम्मीदवार संगमा ने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी नेशनल पीपुल्स पार्टी के फिलिपोल डी.मारक को 2,550 वोट से हराया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पूर्व सदस्य संगमा ने उपचुनाव से पहले पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। उन्हें चुनाव में 8,042 तथा फिलिपोल को 5,492 वोट मिले।
साल की शुरुआत में जीएनसी के विधायक क्लिफोर्ड आर.मारक का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था। मारक की पत्नी कल्पना डी. संगमा को 5,009 वोट मिले हैं, वह तीसरे स्थान पर रहीं।
इधर, निर्दलीय उम्मीदवार टिंकरविन आर.मारक को 1,189 वोट मिले, जबकि 424 मतदाताओं ने ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ (नोटा) श्रेणी में वोट डाला।
चॉकपोट में शनिवार को मतदान कराया गया था, जहां 24,244 मतदाताओं में से 83.11 फीसदी ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था।
कांग्रेस के प्रभारी महासचिव वी.नारायणसामी ने आईएएनएस को बताया, “क्षेत्रीय पार्टियों के गढ़ रहे चॉकपोट पर कांग्रेस की जीत यह दिखाती है कि मेघालय की जनता का कांग्रेस पार्टी में गहरा विश्वास है और उन्होंने राज्य में कांग्रेस सरकार के काम को स्वीकार किया है।”
60 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास अब 30 सीटें हैं, जो बहुमत से एक सीट कम है।
राकांपा के विधानसभा में दो सदस्य हैं, नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट पार्टी के एक और 11 निर्दलीय विधायक हैं। ये सभी कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं।
विपक्षी मेघालय पीपुल्स फ्रंट, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के आठ, नेशनल पीपुल्स पार्टी के दो और दो निर्दलीय विधायकों से मिलकर बना है।
इधर, हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के चार सदस्य हैं, जो मेघालय पीपुल्स फ्रंट का हिस्सा नहीं है।
dharmpath.com dharmpath