शिलांग, 23 जून (आईएएनएस)। मेघालय के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रदेश भर के कई बेकरी दुकानों से ब्रेड के नमूनों को एकत्रित कर इस बात की जांच के लिए भेजा है कि कहीं उनमें कैंसर योगिकों की मौजूदगी तो नहीं है।
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री एलेक्जेंडर हेक ने बताया, “हमने ब्रेड के नमूनों को असम पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी को बुधवार को यह जांचने के लिए भेजा है कि उनमें पोटैशियम ब्रोमेट और आयोडेट की तरह कोई खतरनाक रसायन तो नहीं है।”
उन्होंने कहा कि सरकार को अभी तक प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिली नहीं है।
हेक ने कहा, “अगर नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए जाते हैं और उनमें खतरनाक रसायनों की मौजूदगी मिलती है तो जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
सोमवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने खाद्य उत्पादों में पोटैशियम ब्रोमेट के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पोटैशियम ब्रोमेट को 2बी श्रेणी का खतरनाक रसायन माना जाता है और इसके इस्तेमाल पर ब्रिटेन, यूरोपीय संघ, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और श्रीलंका समेत कई देशों में रोक लगी है।
dharmpath.com dharmpath