शिलांग, 14 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा ने सोमवार को आगामी वित्तवर्ष के लिए राज्य का 1,090 करोड़ रुपये घाटे का बजट पेश किया।
बजट में शराब पर मूल्य वर्धित कर (वैट) की दर 20 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी कर दी गई और शराब, बीयर तथा वाइन पर आयात पास शुल्क तथा परिवहन शुल्क पर लेवी भी बढ़ा दिया गया।
संगमा राज्य के वित्त मंत्रालय का भी प्रभार संभाल रहे हैं। उन्होंने पेट्रोल पर वैट 22 फीसदी बढ़ाने और इस पर प्रति लीटर 56 पैसे छूट वापस लिए जाने का भी प्रस्ताव रखा।
उन्होंने चूना पत्थर पर भी उपकर 40 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति टन कर दिया।
संगमा ने बताया कि वर्तमान वित्त वर्ष में 18 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व जुटाने के लिए मेघालय वैट के तहत सिगरेट, हाई स्पीड डीजल और पेट्रोल छोड़कर शेष इंटरनल कंबशन ऑयल पर कर की दर बढ़ा दी गई थी।
बजट में 10,103 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च और 9,013 करोड़ रुपये की अनुमानित आय बताई गई है। इस तरह से यह बजट 1,090 करोड़ रुपये घाटे का है, जो सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) का 3.6 फीसदी है।
बजट में सामुदायिक और ग्रामीण विकास के लिए सर्वाधिक 811.85 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। शिक्षा खर्च के लिए 677 करोड़ रुपये का योजना व्यय प्रस्तावित किया गया है।
सड़क और पुलों जैसी अवसंरचना परियोजनाओं के लिए 471.80 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण के लिए 470 करोड़ रुपये और कृषि तथा बागवानी के लिए 279.15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
बिजली विभाग के लिए योजना परिव्यय के रूप में 158.70 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए संगमा ने कहा कि विद्रोह या कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने की दृष्टि से पुलिस को मजबूत करने के लिए सभी जरूरी सहयोग किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath