मेडिकल दाखिला में धोखाधड़ी मामले में मेंधर मूवीज के बी. मदन गिरफ्तार

चेन्नई, 24 मई (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एसआरएम समूह के संस्थानों में मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिले को लेकर छात्रों के अभिभावकों से 91 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मेंधर मूवीज के बी. मदन को गिरफ्तार किया है। उन्हें धन शोधन निवारण अधिनियम, 2000 (पीएमएलए) के तहत बुधवार को गिरफ्तार किया गया।

ईडी ने एक बयान में कहा कि उसने मदन तथा अन्य के खिलाफ पीएमएलए तथा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), 1860 की धारा 406 व 420 के तहत एक मामला दर्ज किया है।

इसमें कहा गया है कि मदन ने एसआरएम मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर लोगों से कई करोड़ रुपये लिए और फिर फरार हो गया।

मदन के खिलाफ 133 अभिभावकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। अनुमान है कि साल 2016 में मदन ने मेडिकल कॉलेज में दाखिला के नाम पर लोगों से करीब 91 करोड़ रुपये लिए।

मदन फरार चल रहा था और उसे आखिर में तमिलनाडु पुलिस ने गिरफ्तार किया। बाद में वह जमानत पर रिहा हुआ।

पीएमएलए के तहत जांच के दौरान कई पीड़ितों के बयान दर्ज किए गए।

ईडी के अनुसार, पीड़ितों ने कहा कि उन्होंने मदन को 50 लाख रुपये से लेकर 1.05 करोड़ रुपये तक की राशि नकद में एसआरएम मेडिकल कॉलेज की एक सीट के लिए दी। लेकिन उनके साथ धोखा हुआ।

वहीं, एसआरएम प्रबंधन ने कहा कि उनका मदन से कुछ लेनादेना नहीं है।

मदन ने अपने एक स्वैच्छिक बयान में कबूल किया कि उसने एसआरएम मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस/पीजी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 133 अभिभावकों से करीब 91 करोड़ रुपये जमा किए।

हालांकि, उसने ईडी को यह भी बताया कि उसने एसआरएम प्रबंधन को साप्ताहिक आधार पर इस राशि का भुगतान किया।

ईडी के अनुसार, मदन ने कई संपत्तियां बनाई हैं, लेकिन उसने अपने धन के स्रोत का खुलासा नहीं किया है। उसकी संपत्तियों का विवरण जुटाया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493