मेरा मुकाबला खुद से, शाहरुख, सलमान या अक्षय से नहीं : आमिर

मुंबई, 12 जनवरी (आईएएनएस)। अभिनेता आमिर खान का कहना है कि उनका मुकाबला इंडस्ट्री में खुद से है न कि किसी और के साथ। यह जरूर है कि वह अन्य अभिनेताओं के कामों से प्रेरित होते हैं।

आमिर ने कहा, “मेरा मुकाबला खुद से है न कि शाहरुख (खान), सलमान (खान), अक्षय (कुमार) या किसी और से। हालांकि जब मेरे साथी अन्य अभिनेता अच्छा काम करते हैं, तो मैं उनसे प्रेरित जरूर होता हूं।”

अपनी फिल्म ‘दंगल’ के सफल होने पर आमिर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से मीडिया से मुखातिब हुए। ‘दंगल’ सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन चुकी है।

उनसे पूछा गया कि दूसरे अभिनेताओं की कौन सी फिल्म उन्हें पसंद है? जवाब में उन्होंने शाहरुख की कुछ फिल्मों का नाम लिया।

आमिर ने कहा, “मुझे शाहरुख की कई फिल्में पसंद हैं। खासतौर पर ‘चक दे इंडिया’, ‘स्वदेस’, ‘कुछ कुछ होता है’ और डीडीएलजी (दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे)।”

आमिर ‘दंगल’ की सफलता से खुश हैं, जो अभी तक बॉक्स ऑफिस पर 350 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। आमिर ने कहा, “फिल्म ‘दंगल’ को मिली प्रतिक्रिया से अचंभित हूं। लोगों ने इसे बेहद पसंद किया। इस तरह की प्रतिक्रिया बिरले ही मिलती है।”

फिल्म ‘दंगल’ हरियाणा के पहलवान महावीर सिंह फोगट के वास्तविक जीवन पर आधारित है, जिन्होंने अपनी बेटियों गीता और बबीता को कुश्ती सिखाई थी।

फिल्म में अपने पसंदीदा दृश्य के बारे में उन्होंने कहा, “पिता-पुत्री के बीच का कुश्ती मुकाबला वाला दृश्य मुझे पसंद है।”

उन्होंने सान्या मल्होत्रा और फातिमा सना शेख के काम की भी सराहना की, जिन्होंने फिल्म में उनकी बेटियों का किरदार निभाया है।

फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493