मेरू कैब में महिला का अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली में मेरू कैब में एक महिला का अपहरण किया गया और उसके बाद एक दुकान में ले जाकर पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि अपहरण करने वाले तीनों आरोपियों में से एक महिला का जानकार था।

यह घटना शुक्रवार पश्चिमी दिल्ली के इलाके में हुई, जब तीन आरोपियों ने कैब में 37 वर्षीया महिला का अपहरण किया और फिर उसे एक दुकान में ले जाया गया, जहां दो और लोग इंतजार कर रहे थे। इसके बाद महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि पंक्चर ठीक करने वाली एक दुकान में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ।

पश्चिमी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने कहा कि, “महिला की शिकायत पर अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।”

पुलिस अधिकारी ने कहा, “पश्चिम विहार के नजदीक सागरपुर में महिला का अपहरण किया गया और उसके बाद 15 किलोमीटर दूर पीरागढ़ी की एक दुकान में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।”

महिला अपने पति से अलग तीन बच्चों के साथ सागरपुर इलाके में रहती है। उसने कहा कि वह गुरुवार की रात साढ़े 10 बजे पास के बाजार से नारियल पानी और दवाई लेने के लिए घर से निकली थी। वह उस वक्त बाजार की तरफ जा रही थी, जब एक मेरू कैब उसके पास आकर रुकी।

इसके बाद कैब में बैठे दो लोगों ने उसे जबरन गाड़ी के अंदर खींचा और मदद के लिए चिल्लाने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “कैब चालक महिला का जानकार था। तीनों आरोपियों ने महिला का अपहरण किया और एक घंटे तक पश्चिमी दिल्ली की सड़कों पर कैब दौड़ाते रहे। इस दौरान वे किसी से मोबाइल पर बात कर रहे थे।”

अधिकारी ने कहा कि महिला के अनुसार, पीरागढ़ी में एक दुकान में दो और लोग अपहरण करने वाले आरोपियों का इंतजार कर रहे थे। पांचों आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

सुबह करीब साढ़े चार बजे आरोपियों ने महिला को पुलिस से शिकायत न करने की धमकी देकर छोड़ दिया। लेकिन महिला ने पुलिस को घटना के बारे में बताया। चिकित्सा जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

मेरू कैब के प्रवक्ता ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा, “मेरू ने वाहन के स्थान की पहचान करने, चालक के पते और बाकी की जानकारी मुहैया कराने में पुलिस का पूरा सहयोग किया, जिससे घटना के बाद कुछ ही घंटों के भीतर वाहन का पता लगाने और चालक को गिरफ्तार करने में पुलिस को मदद मिली।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493