मेरे पति महान देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार : मेलानिया ट्रंप

वाशिंगटन, 19 जुलाई (आईएएनएस)। क्लीवलैंड में रिपब्लिकन पार्टी के नेशनल कन्वेंशन के पहले दिन अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के भावी उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी व पूर्व मॉडल मेलानिया ट्रंप ने सोमवार रात अपने भाषण में अपने पति को बेहतर उम्मीदवार बताते हुए कहा कि वे देश के नेतृत्व के लिए तैयार हैं।

सीबीएस न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रिपब्लिकन पार्टी के भावी उम्मीदवार ने अपनी पत्नी को बेहद अनोखे अंदाज में लोगों से मुखातिब किया। अचानक लाइट बुझी, क्वीन्स का गीत ‘वी आर चैंपियंस बजा’ और फिर लाइट के साथ ही ट्रंप व उनकी पत्नी मंच पर आए।

सबसे पहले ट्रंप ने लोगों को धन्यवाद दिया। अपनी पत्नी का संक्षिप्त परिचय देने से पहले उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी एक बेहतरीन मां और एक असाधारण महिला हैं।

सीबीएस न्यूज के मुताबिक, मेलानिया (46) ने कहा कि ट्रंप आपका सिर कभी नीचा नहीं होने देंगे और वे एक बेहतरीन नेता हैं।

उन्होंने कहा, “मेरे पति इस महान देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं। हमारे बच्चों के एक बेहतर भविष्य के लिए जिसके वे हकदार हैं, वह प्रतिदिन कड़ी मेहनत करने के लिए तैयार हैं।”

एबीसी न्यूज के मुताबिक, पूर्व मॉडल ने कहा, “मिलान व पेरिस में काम करने व रहने के बाद मैं 20 साल पहले न्यूयॉर्क आई और मैंने रोजाना के आनंद व कड़ी मेहनत, दोनों को देखा।”

तीन दिवसीय कन्वेंशन ओहियो के क्लीवलैंड में सोमवार रात शुरू हुआ, जिसमें देश के 50 राज्यों, कोलंबिया जिला तथा पांच अमेरिकी अधिकार वाले क्षेत्रों के लगभग पांच हजार प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493