मुंबई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में लंबे समय से राज करने वाले प्रतिभाशाली अभिनेता अरविंद स्वामी का कहना है कि वह जल्द ही निर्देशन में अपने करियर की शुरुआत करने वाले हैं।
अरविंद ने आईएएनएस को बताया, “मेरे पास निर्देशन में जाने की योजनाएं हैं। मैंने दो पटकथाएं लिखी हैं और एक या दो साल में मैं इनका निर्देशन करूंगा। मैं आश्वस्त नहीं हूं कि ये हिंदी में होंगी या तमिल में।”
मणिरत्नम की 1992 में आई फिल्म ‘रोजा’ से बॉलीवुड में कदम रखने वाले अभिनेता फिर से तनुज भ्रामर निर्देशित आगामी फिल्म ‘डियर डैड’ से हिन्दी फिल्म जगत में कदम रखने वाले हैं। यह बतौर निर्देशक तनुज की पहली फिल्म है।
अभिनेता का मानना है कि दर्शक अब बदल गए हैं और वे नए विचारों की ओर अधिक रुचि रखने लगे हैं।
अरविंद ने कहा, “मैं काफी समय से काम नहीं कर रहा था, लेकिन अब मैं वापसी कर अपने काम का आनंद लेना चाहता हूं। इन दिनों दर्शक बदल गए हैं। अब वे नए विचारों की ओर रुचि रखने लगे हैं। मैं आम फिल्में नहीं करना चाहता हूं और अब फिल्में चुनने की बारी मेरी है और मेरे पास कई विकल्प हैं।”
‘डियर डैड’ में 14 साल के शिवम और उसके 45 वर्षीय पिता नितिन स्वामीनाथन के बीच पिता और बेटे के खट्टे-मीठे रिश्ते की कहानी दर्शाई गई है।
dharmpath.com dharmpath