मेसी को 2009 से ही सारे बालोन डी ओर खिताब मिलने चाहिए थे : पिक

बार्सिलोना, 7 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले जेरार्ड पिक का मानना है कि उनके क्लब के साथी लियोनेल मेसी को 2009 से ही लगातार साल के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी का खिताब मिलना चाहिए था।

मेसी पांच बार साल के सर्वश्रेष्ठ फुटबाल खिलाड़ी को मिलने वाले बालोन डी ओर खिताब को अपने नाम कर चुके हैं।

अर्जेटीना के मेसी ने रविवार को स्पेनिश लीग में सेविला के खिलाफ खेले गए मैच में बार्सिलोना के लिए अपना 500वां गोल दागा। बार्सिलोना ने यह मैच 2-1 से जीत लिया था।

मेसी ने 2009, 2010, 2011, 2012 और 2015 में बालोन डी ओर खिताब जीता है।

पिक ने अपने ट्वीटर हैंडल पर स्पेनिश में लिखा है, “अगर बालोन डी ओर विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को दिया जाता तो लियो 2009 से लगातार इसे जीतते। वह अलग स्तर के खिलाड़ी हैं।”

एक और स्पेनिश क्लब रियल मेड्रिड के लिए खेलने वाले पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने तीन बार यह खिताब अपने नाम किया है। उन्होंने 2008, 2013, 2014 में यह खिताब जीता था। इस बार भी यही दोनों खिलाड़ी खिताब की दौड़ में सबसे आगे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493