मैं पूर्वाचल का विकास चाहता हूं : मोदी

वाराणसी, 5 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण के मतदान से पहले अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए तीन दिन के वाराणसी प्रवास पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि वह पूर्वाचल का विकास करना चाहते हैं।

वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन रविवार को चुनावी रैली निकालने के बाद मोदी ने काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय मैदान में जनसभा को संबोधित किया और राज्य की पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा।

मोदी ने कहा कि देश के इस हिस्से (पूर्वाचल) में विकास के लिए जरूरी प्राकृतिक संसाधन प्रचुर मात्रा में हैं, इसके बावजूद देश का यह इलाका अब भी पिछड़ा हुआ है।

मोदी ने कहा, “यहां उपजाऊ खेत हैं और मेहनतकश किसान हैं, लेकिन एक अच्छी सरकार की कमी है।”

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को इस इलाके के विकास के लिए जरूरी धनराशि मुहैया कराने के लिए तैयार है, लेकिन राज्य सरकार को खर्च का सही-सही हिसाब रखना होगा।

मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का नंबर-1 राज्य बन सकता है, लेकिन उसके पूर्वाचल का विकास जरूरी है।

उन्होंने कहा, “मुझे पता है कि पूर्वाचल का विकास किस तरह किया जा सकता है। मेरे दिमाग यह पूरी तरह स्पष्ट है।”

इस बीच मोदी ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।

मोदी ने कहा कि अखिलेश को राज्य की सत्ता ‘घलुआ’ में मिल गई।

उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके नए बने दोस्त राहुल घलुआ हैं। उन्हें सबकुछ विरासत में मिल गया है, वे चांदी की चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए। वे कठिन फैसले नहीं ले सकते, क्योंकि उनमें कठिनाई झेलने की ताकत नहीं है। सिर्फ वही ऐसे कठिन फैसले ले सकता है, जो मिट्टी से उठकर आया हो।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493