सिडनी, 21 फरवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्राथ जारी आईसीसी विश्व कप 2015 के बीच अपनी एक पुरानी तस्वीर के कारण अचानक पशु प्रेमियों के निशाने पर आ गए हैं।
इस तस्वीर में मैकग्राथ जिम्बाब्वे की एक सफारी में मरे हुए जंगली भैंसे के साथ नजर आ रहे और उनके हाथ में एक बंदूक है। यह तस्वीर सोशल साइट ट्विटर पर वायरल हुई और फिर पशु प्रेमियों के बीच उनकी आलोचना भी शुरू हो गई। इसके अलावा कुछ और भी तस्वीरें हैं जिनमें एक जगह वह दो लकड़बग्घों के साथ तथा हाथी के दांत पकड़े नजर आ रहे हैं।
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र ‘सिडनी मॉर्निग हेराल्ड’ के अनुसार मैकग्राथ ने हालांकि माफी मांगते हुए कहा है कि कभी उन्हें शिकार करने का बहुत शौक था लेकिन अब इन तस्वीरों को देखकर बेहद बुरा महसूस हो रहा है।
मैकग्राथ के अनुसार, “मैंने 2008 में जिम्बाब्वे में एक सफारी में शिकार में हिस्सा लिया था। यह पूरी तरह से वैध था लेकिन अब उन तस्वीरों को देखकर मुझे बहुत दुख हो रहा है।”
dharmpath.com dharmpath