साओ पाउलो, 28 मार्च (आईएएनएस)। ब्राजील फुटबाल टीम के दिग्गज खिलाड़ी नेमार ने उन सभी अफवाहों को खारिज किया है, जिनमें कहा गया था कि वह इंग्लैंड के क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड से जुड़ सकते हैं।
नेमार ने कहा कि वह स्पेन के बार्सिलोना क्लब में ही बने रहेंगे।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि नेमार स्पेन से इंग्लैंड का रुख कर सकते हैं।
दैनिक समाचार पत्र ‘स्पोर्ट’ की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी जानकारी मिली थी कि युनाइटेड क्लब 25 वर्षीय नेमार को खरीदने के लिए बार्सिलोना क्लब को 20 करोड़ यूरो (21.7 करोड़ डॉलर) का प्रस्ताव देगा।
इसके साथ ऐसा भी कहा गया था कि ब्राजील के पूर्व कप्तान को प्रत्येक सत्र में 2.5 करोड़ यूरो (2.71 करोड़ डॉलर) का प्रस्ताव भी दिया गया था।
‘एल मुंडो डिपोर्टिवो’ ने नेमार के हवाले से कहा, “मेरा सपना बार्सिलोना में खेलने का था। इस क्लब के लिए खेलना इसलिए भी मेरे लिए जरूरी है, क्योंकि यह मेरे बचपन का सपना था।”
पिछले साल नेमार के पेरिस सेंट जर्मेन क्लब में शामिल होने की अटकलें लगाई थीं, जिसे ब्राजीलियाई खिलाड़ी ने खारिज किया था।
बार्सिलोना के साथ नेमार ने नए करार पर हस्ताक्षर किए हैं, जो 2021 तक बरकरार रहेगा।
इस क्लब में स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के बने रहने के बारे में नेमार ने कहा, “मेसी अपने करार को बढ़ाएंगे, क्योंकि उनका मतलब बार्सिलोना है और बार्सिलोना का मतलब मेसी है।”
dharmpath.com dharmpath