मोटरस्पोर्ट्स : राष्ट्रीय रेसिंग चैंपियनशिप में अनिंदित, विष्णु जीत की दहलीज पर

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। 19वें जेके टायर राष्ट्रीय रेसिंग चैंपियनशिप के चौथे राउंड के मुकाबले शनिवार को शुरू हो गए, जिसमें हैदराबाद के अनिंदित रेड्डी ने यूरो जेके 16 और चेन्नई के विष्णु प्रसाद ने एलजीबी 4 यूरो जेके श्रेणियों में खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।

अनिंदित और विष्णु ने बुद्धा अंतर्राष्ट्रीय सर्किट पर हुए रोमांचक रेस में अपनी-अपनी दोनों रेसें जीतीं।

दोनों ने 20-20 अंक हासिल करते हुए खिताब की दौड़ में बड़ी बढ़त हासिल कर ली है।

अनिंदित के अब 96 अंक हैं और वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर मौजूद रेसर से नौ अंक आगे हैं, जबकि मेको रेसिंग के विष्णु के खाते में 86 अंक हैं और उनका खिताब पक्का है।

ग्रैंड फिनाले के लिए सुपर बाइक की एक अतिरिक्त श्रेणी भी जोड़ी गई है। इस श्रेणी में दिल्ली के पिता-पुत्र की जोड़ी गुरविंदर सिंह और सिमरजीत सिंह ने अपने-अपने मुकाबले शानदार अंदाज में जीत लिए। 21 साल के सिमरजीत सिंह ने जेके 1000 सीसी की रेस में जीत हासिल की, जबकि उनके पिता गुरविंदर सिंह ने जेके 600 सीसी की रेस जीती।

जेके टूरिंग कार्स की श्रेणी में एक छोटा से उलटफेर देखने को मिला, जब रेस कॉन्सेप्ट के दीपक पॉल चिनप्पा ने दिन की अपनी इकलौती रेस जीत ली। खिताबी रेस में आगे चल रहे आशीष रामास्वामी कुछ खास नहीं कर पाए, लेकिन वह पहले ही खिताब पक्का कर चुके हैं।

शनिवार को हुई शुरुआती रेस में नयन चटर्जी तीसरे स्थान पर रहे, जबकि अगली रेस में एक स्थान का सुधार करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। नयन ने कुल 14 अंक हासिल किया। नयन ने शनिवार की रेस के बाद कहा, “अनिंदित को पीछे छोड़ना काफी मुश्किल है, लेकिन ये असंभव नहीं है।”

चौथे राउंड की शुरुआती रेस के बाद अनिंदित ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद खास दिन था। क्योंकि अपने माता-पिता की आंखों के सामने विजेता बनना बेहद खास अहसास है।”

एलजीबी 4 श्रेणी में, आगे चल रहे रेसरों की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ। विष्णु प्रसाद पहले, राघुल रंगासामी (मेको रेसिंग) दूसरे और सरन मार्स (प्राइवेटियर) तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि विष्णु ने 19 अंकों की शानदार बढ़त ले ली है जिसे पार करना लगभग असंभव है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493