मोदी आंध्र प्रदेश से जलते हैं : चंद्रबाबू नायडू

अमरावती, 17 जनवरी (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गुरुवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश से जलते हैं और इसीलिए तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के प्रस्तावित संघीय मोर्चे के पीछे हैं।

प्रस्तावित मोर्चे के लिए तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के नेताओं और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष वाई.एस. जगमोहन रेड्डी की मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए नायडू ने कहा कि आंध्र प्रदेश के खिलाफ षड्यंत्र के तहत राज्य से जलने वाले लोग साथ आ रहे हैं।

तेलगू देशम पार्टी (तेदेपा) नेताओं के साथ टेलीकॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि मोदी उनके राज्य से जलते हैं क्योंकि यहां तेजी से विकास हो रहा है।

तेदेपा के सूत्रों के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि मोदी को डर है कि दक्षिण भारतीय राज्य विकास के मामले में गुजरात को पछाड़ सकता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि टीआरएस अध्यक्ष चंद्रशेखर राव भी आंध्र प्रदेश के विकास के खिलाफ हैं और अपनी अक्षमता से डरते हैं वहीं जगमोहन रेड्डी को डर है कि वे भ्रष्टाचार के मामले में जेल जा सकते हैं।

उन्होंने दावा किया कि के.सी.आर के संघीय मोर्चे को किसी दल से प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण के.टी. रामा राव के बेटे ने जल्दबाजी में जगन से मुलाकात की।

नायडू ने कहा कि इस बैठक के साथ ही उनके संबंधों की पोल खुल गई है। नायडू राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा विरोधी मोर्चे की अगुआई करने की कोशिश कर रहे हैं।

नायडू ने कहा कि तीन पार्टियां आंध्र प्रदेश पर गिद्धों की तरह हमला कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वे पार्टियां विभिन्न समुदायों और जातियों में दरार डालने की कोशिश कर रही हैं।

तेदेपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि संघीय मोर्चे का मकसद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एजेंडे को लागू करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि उसके विरोधी दल एक ना हो जाएं।

उन्होंने कहा, “वह लोगों के बीच भ्रम पैदा करना चाहती है। वह भाजपा विरोधी वोटों को बिखेरना चाहती है।”

टीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और के.सी.आर. के बेटे रामा राव ने दोनों – राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के विकल्प के तौर पर प्रस्तावित संघीय मोर्चे पर चर्चा करने के लिए बुधवार को हैदराबाद में जगन से मुलाकात की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493