नेपेडा, 12 नवंबर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 25वें आसियान शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल की एक तस्वीर पोस्ट कर फोटो साझा करने की वेबसाइट इंस्टाग्राम पर भी अपना खाता खोल लिया। मोदी ने वेबसाइट पर अपनी पहली पोस्ट शेयर करने के बाद एक ट्वीट में लिखा, “हैलो वर्ल्ड! इंस्टाग्राम पर आकर अच्छा लग रहा है। मेरा पहला फोटो..यह आसियान शिखर सम्मेलन नेपेडा का है।”
मोदी का उनके चाहने वालों ने इंस्टाग्राम पर खुले दिल से स्वागत किया।
उनके एक प्रशंसक ने लिखा, “इंस्टाग्राम पर आपका स्वागत है सर। आपका दिन मंगलमय हो।”
एक अन्य ने लिखा, “आपकी नजरों से दुनिया को देखने की खुशी है।”
प्रौद्योगिकी प्रेमी मोदी के ट्विटर पर 77.9 करोड़ और प्रधानमंत्री के विभागीय अकाउंट पर 34.3 करोड़ प्रशंसक हैं।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मोदी स्टमबलअपॉन, पिंट्रेस्ट, टंब्लर और लिंकेडइन जैसी सोशल साइटों पर सक्रिय हैं। इसके अलावा वह फ्लिकर पर भी तस्वीरें साझा करते रहे हैं।
बयान में कहा गया, “सोशल मीडिया प्रधानमंत्री के संदेशों का प्रसार करने और एक मजबूत नेतृत्व बनाने में मददगार है। लोगों और प्रधानमंत्री के बीच एक प्रत्यक्ष संचार चैनल का मार्ग प्रशस्त करना सफल रहा है।”
मोदी 11 नवंबर को म्यांमार के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे।
मोदी इस समय तीन देशों म्यांमार, ऑस्ट्रेलिया और फिजी की यात्रा पर हैं।
dharmpath.com dharmpath