उलान बटोर, 17 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपनी मंगोलिया यात्रा में भारत और मंगोलिया के रिश्ते में गरमाहट लाने के साथ ही तीरंदाजी में भी हाथ आजमाए, वाद्ययंत्र बजाए, उपहार में एक सुंदर घोड़ा पाया और चिर परिचित सेल्फी लिया। मंगोलिया की यात्रा करने वाले वह पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।
मोदी शनिवार रात मंगोलिया पहुंचे। उन्होंने उलान बटोर से 25 किलोमीटर दूर चिंगीसिन खुरे कैंप में तीरंदाजी में हाथ आजमाया।
समारोह के दौरान पांच डिग्री सेल्सियस के तापमान में मोदी ने मंगोलिया की पारंपरिक पोषाक पहन रखी थी। उन्होंने समारोह में तीरंदाजी, कुश्ती और घुड़सवारी के खेल देखे।
मोदी ने तीरंदाजी में हाथ आजमाने की पेशकश की और सही निशाना लगाया।
इस पर मंगोलिया के प्रधानमंत्री चिमद सेखनबिलग और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मुस्कराकर खुशी जताई। इसके बाद सेखनबिलग ने भी तीरंदाजी में हाथ आजमाए।
इसी परिसर में मोदी ने मंगोलियाई वाद्य यंत्र यूचिन भी बजाए।
इससे पहले मंगोलिया के राष्ट्रपति सखियागिन एल्बेगदोर्ज ने मोदी को राष्ट्रीय वाद्य मोरिन खुर भेंट किया था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप द्वारा किए गए ट्वीट के मुताबिक, “इस एक दिन में हमने अपने प्राचीन संबंधों को नई ताकत और गति दी है।”
मंगोलियाई प्रधानमंत्री ने समारोह में मोदी को एक भूरे रंग का घोड़ा कंटक भेंट किया। कंटक राजकुमार सिद्धार्थ का प्रिय घोड़ा था, जो बाद में गौतम बुद्ध बन गए थे।
इससे पहले सुबह में मोदी गंडन मठ गए, जहां उन्होंने मठ के मुख्य महंत हांबा लामा को बोधि वृक्ष का पौधा भेंट किया और प्रार्थना की।
मंगोलिया की आधी से अधिक आबादी बौद्ध मतावलंबी है।
मोदी ने राष्ट्रपति एल्बेगदोर्ज के साथ सेल्फी भी ली, जिन्होंने अपने ट्विट संदेश में भी सेल्फी पोस्ट की।
नादम समारोह में मोदी द्वारा मंगोलियाई पोषाक पहनने के प्रति सम्मान दिखाते हुए राजकीय रात्रिभोज में प्रधानमंत्री सेखनबिलग ने बंदगला पहन रखी थी।
रात्रि भोज के दौरान मोदी ने कहा, “24 घंटे से कम समय में हमने वास्तवित मित्रता का अहसास किया।”
उन्होंने कहा, “यात्रा का महत्व तय की गई दूरी से नहीं, बल्कि हासिल होने वाले लक्ष्य से पता चलता है। यह यात्रा छोटी हो सकती है। लेकिन इसका परिणाम महत्वपूर्ण है।”
प्रधानमंत्री ने कहा, “दिन भर में हमने अपने प्राचीन रिश्तों में नई ताकत और गति दी।”
मंगोलिया के प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा, “मंगोलिया के लोगों को भारत के लोगों के साथ लंबे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों पर गर्व है। हम भारत को भगवान बुद्ध की पवित्र भूमि के संदर्भ में लेते हैं।”
मोदी चीन, मंगोलिया और दक्षिण कोरिया, तीन देशों के दौरे पर हैं।
dharmpath.com dharmpath