भोपाल, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए जयापुर गांव की तस्वीर बदल गई है। वहां सड़कें हैं, बिजली के इंतजाम हैं और घर-घर शौचालय बन रहे हैं। इस गांव में विकास पंचायत नहीं बल्कि बाहर के लोग करा रहे हैं। यह कहना है गांव की प्रधान दुर्गावती पटेल का।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को शुरू हुई सांसद आदर्श ग्राम योजना पर केंद्रित दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में जयापुर गांव की प्रधान दुर्गावती भी हिस्सा ले रही हैं। उनसे संवाददाताओं ने उनके गांव के बारे में पूछा तो उनका जवाब था, “उनके गांव को प्रधानमंत्री मोदी ने गोद लिया है, उसके बाद से तो गांव की तस्वीर ही बदल गई है। पहले मेरा गांव ऐसा नहीं था, मैं सपने में भी नहीं सोच सकती थी वैसा हो गया है मेरा गांव।”
उन्होंने कहा कि मेरे गांव में काफी विकास हो गया है, वहां विकास की गंगा बह रही है। सड़क बहुत सुंदर बन गई है, घर-घर शौचालय बन गए हैं, घर-घर बिजली और पानी की व्यवस्था हो गई है। दो जगह 25-25 किलोवाट का पॉवर हाउस बन गया है। वनवासियों के उम्दा किस्म के आवास बन गए हैं, किसानों के लिए भी काम हुआ है।
दुर्गावती से पूछा गया कि आप लोगों का इस विकास में क्या योगदान है तो उनका जवाब था, “हमारा इसमे कोई योगदान नहीं है, जो लोग बाहर से आते हैं, वे काम कराते हैं और पैसा देते हैं।”
dharmpath.com dharmpath