लखनऊ, 29 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधामनंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की मेहनत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
अमित शाह के उप्र में तीन दिनों के प्रवास के दौरान आयोजित संगठन की बैठक में योगी ने कहा, “देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी अब भाजपा की सरकार बन गई है और हम दिन रात प्रदेश की सेवा मे जुटे हुए हैं। किसानों की कर्ज माफी के अलावा पहली बार इतनी बड़ी तादाद में स्कूली बच्चों को किताबें और पोशाकें समय से वितरित कर दी गई हैं। यही नहीं शत-प्रतिशत गन्ना किसानों के भुगतान भी हो चुके हैं।”
योगी ने कहा, “डायल 100 की व्यवस्था और पुख्ता की जा रही है ताकी लोगों को तुरंत मदद मिल सके। सरकार पूरी संवेदनशीलता से काम कर रही है।”
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दीप प्रज्जवलन कर बैठक का शुभारंभ किया। बैठक में प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद ओम माथुर, राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश और प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी उपस्थित रहे।
dharmpath.com dharmpath