मोदी के ‘संदेश3सोल्जर्स’ पहल पर आए 10 लाख संदेश

नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। दीपावली के शुभ अवसर पर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश से सैनिकों के नाम 10 लाख से भी ज्यादा संदेश आ चुके हैं।

सैनिकों को संदेश भेजने वालों में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली, अग्रणी कारोबारी आनंद महिंद्रा और दिग्गज अभिनेता आमिर खान भी शामिल रहे।

अधिकारियों के अनुसार विभिन्न माध्यमों के जरिए अब तक 10 लाख से अधिक संदेश आ चुके हैं।

इनमें करीब सात लाख संदेश फेसबुक, ट्विटर और मायगोव साइट के जरिए आए हैं, जबकि इसके लिए विशेष तौर पर शुरू किए गए मोबाइल एप ‘नरेंद्र मोदी’ पर तीन लाख के करीब संदेश भेजे जा चुके हैं।

एक अधिकारी ने बताया, “देश के हर हिस्से और समाज के हर वर्ग से लोगों ने दिवाली के शुभ अवसर पर सैनिकों के लिए संदेश भेजे।”

प्रधानमंत्री ने विशेष तौर पर एक वीडियो संदेश के जरिए इस पहल से जुड़ने की अपील की और देशवासियों से सैनिकों को याद करने के लिए कहा, जो अपने परिवार वालों से दूर देश की सीमा पर ही दिवाली मनाएंगे।

प्रधानमंत्री की इस पहल में शामिल होने वाली हस्तियों में अक्षय कुमार, सलमान खान, आमिर खान, अनुपम खेर, कैलाश खेल, विरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, युवराज सिंह और साक्षी मलिक शामिल भी हैं।

कई नामी गिरामी हस्तियों ने सैनिकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए वीडियो संदेश भेजे। देश के कई मुख्यमंत्रियों, मंत्रियों और सांसदों ने भी सैनिकों के नाम संदेश भेजे।

दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो इस पहल के तहत आ रहे संदेशों को सैनिकों तक पहुंचाने के लिए रोज विशेष कार्यक्रम चला रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से जुड़कर कई टेलीविजन चैनलों ने भी विशेष कार्यक्रम शुरू किया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493