नई दिल्ली, 21 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए ईश्वर का वरदान हैं और उनकी छवि से असम विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनाव जीतने में मदद मिली।
नायडू ने ईटीवी न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में कहा, “वह देश के लिए ईश्वर का वरदान हैं। मोदी गरीबों के लाभ और उनके हितों को ध्यान में रखते हुए फैसले लेते हैं। मोदी सरकार ने पेंशन से लेकर अंत्योदय योजना का क्रियान्वयन किया है, जो गरीबों के लिए लाभकारी है।”
मंत्री ने कहा कि असम में भाजपा की जीत मजबूत संगठन, सक्षम नेतृत्व तथा प्रधानमंत्री की सार्वजनिक छवि की वजह से हुई है।
उन्होंने कहा, “राज्य (असम) में कांग्रेस के 15 वर्षो के कुशासन ने भी भाजपा की जीत में मदद की। चुनाव परिणाम इन सभी कारणों का नतीजा है।”
उन्होंने मोदी की व्याख्या ‘मेकिंग ऑफ डेवलप्ड इंडिया’ के रूप में की।
कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए नायडू ने कहा कि विपक्षी पार्टी अपनी गलत नीतियों की वजह से हर राज्य में चुनाव हार रही है।
नायडू ने कहा, “कांग्रेस (समर्थन) मात्र छह फीसदी आबादी तक सीमित हो चुकी है, जबकि भाजपा का विस्तार कश्मीर से कन्याकुमारी तक हो रहा है। बंगाल में हमारे मतों के प्रतिशत में इजाफा हुआ है। केरल व तमिलनाडु में भी हमारी उपस्थिति बढ़ी है।”
नायडू ने चुनावों में कांग्रेस की हार के लिए उसे आत्ममंथन करने की सलाह दी।
मोदी सरकार के दो वर्षो के कार्यकाल के दौरान उपलब्धि के बारे में नायडू ने कहा कि आज की तारीख तक सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है।
नायडू ने 20 मार्च को भी कहा था कि मोदी भारत के लिए ईश्वर का वरदान और गरीबों के मसीहा हैं और आज की तारीख में विदेशों में भारतीयों को पहचान और आदर उनकी वजह से मिल रही है।
नायडू ने कहा, “मोदी भारत के लिए ईश्वर का वरदान हैं। वह गरीबों के मसीहा हैं। उन्हें हर क्षेत्र में चुनौती मिली और वह उससे निपटने में लगे हुए हैं।”
dharmpath.com dharmpath