मोदी नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा समापन समारोह के लिए जबलपुर पहुंचे (लीड -1)

भोपाल/जबलपुर, 15 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक दिवसीय प्रवास पर मध्य प्रदेश पहुंच गए हैं। वह यहां अमरकंटक में आयोजित नमामि देवी नर्मदे सेवा यात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री वायुसेना के विशेष विमान से जबलपुर पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य लोगों ने उनकी अगुवाई की।

जबलपुर के पुलिस नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान दोपहर 12.26 मिनट पर डुमना विमान तल पर उतरा, उसके बाद दोपहर 12.42 मिनट पर प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से अमरकंटक के लिए रवाना हो गए।

प्रधानमंत्री अनूपपुर जिले के अमरकंटक पहुंचने के बाद दोपहर दो बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। वहां नर्मदा की पूजा-अर्चना करने के बाद दोपहर 2़.15 बजे से 3.30 तक ‘नमामि देवी नर्मदे’ सेवा यात्रा के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी अपराह्न चार बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान कर जाएंगे और शाम 5.05 बजे जबलपुर विमानतल पहुंचेंगे। यहां से शाम 5.10 बजे वह नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

उनके आगमन को लेकर अमरकंटक में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबल तैनात हैं। नर्मदा नदी के किनारों पर भी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

नर्मदा सेवा यात्रा 11 दिसंबर, 2016 को उद्गम स्थल अमरकंटक से शुरू हुई थी। यह यात्रा 148 दिन में लगभग साढ़े तीन हजार किलोमीटर का रास्ता तय करके अमरकंटक पहुंची है, जिसका सोमवार को समापन हो रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493