मोदी ने अघोषित धन के खुलासे के लिए एक बार फिर दी चेतावनी

नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक बार फिर दोहराया कि कर चोरों के लिए अपनी अघोषित आय के खुलासे की अंतिम तिथि 30 सितंबर है। उन्होंने कहा कि उनका करों को बढ़ाने का काई इरादा नहीं है, लेकिन सरकार को सामाजिक विकास योजनाओं को चलाने के लिए राजस्व की आवश्यकता है।

मोदी ने टाइम्स नाउ समाचार चैनल को दिए गए अपने साक्षात्कार में कहा, “कर में बढ़ोतरी की कोई जरूरत नहीं है। देश अपने नागरिकों को परेशान किए बिना भी चल सकता है। मैं इस दिशा में काम कर रहा हूं। यही कारण है कि मैं नागरिकों को 30 सितंबर तक कर जमा करने का मौका देता हूं। अगर वे सोचते हैं कि उन्हें मुख्यधारा में आना है तो उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। लेकिन, 30 सितंबर के बाद सरकार कदम उठाएगी।”

मोदी ने कहा, “अगर मुझे गरीबों को घर मुहैया कराने की जरूरत है तो हमें राजस्व बढ़ाना होगा। मैं कर में बढ़ोतरी करना नहीं चाहता। मैं बस इतना चाहता हूं कि लोग ईमानदारी से कर अदा करें।”

उन्होंने कहा, “यह निश्चित रूप से एक चेतावनी है। यह एक चेतावनी है। मेरी पहली चेतावनी मेरे सरकारी अधिकारियों को है कि वे नागरिकों के बारे में चोर होने का अनुमान न लगाएं। मैं उन्हें पहले ही यह चेतावनी दे चुका हूं।”

अपने मासिक रेडियो संबोधन ‘मन की बात’ में रविवार को मोदी ने अघोषित संपत्ति रखने वालों से कहा वे 30 सितंबर तक इसका खुलासा करें। साथ ही कहा कि राजस्व विभाग जल्द की अघोषित आय का पता लगाने के लिए एक तंत्र का अनावरण करेगा।

उन्होंने आश्चर्य जताया कि एक अरब से अधिक लोगों की आबादी वाले देश में महज डेढ़ लाख लोग ही हैं, जिनकी आय 50 लाख से अधिक है। करोड़ों के बंगलों में रहने वालों को देखते हुए इस पर विश्वास करना मुश्किल होता है कि उनकी वार्षिक आय 50 लाख से कम होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493