मोदी ने की ब्रिक्स फुटबॉल टूर्नामेंट की पेशकश

ऊफा (रूस), 9 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ब्रिक्स खेल परिषद के साथ ही ब्रिक्स फुटबॉल टुर्नामेंट का प्रस्ताव रखा और कहा कि पहला फुटबॉल टूर्नामेंट भारत में हो सकता है, जो अगले शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा।

ब्रिक्स पूर्ण अधिवेशन को यहां संबोधित करते हुए मोदी ने कृषि अनुसंधान केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा।

मोदी ने कहा, “एक ब्रिक्स खेल परिषद की स्थापना की जानी चाहिए। फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना चाहिए। भारत अगले साल एक फुटबॉल टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा।”

उन्होंने कहा, “अगले साल भारत में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में आपका स्वागत करना हमारा सौभाग्य है और सभी को इसपर आगे बढ़ने के लिए हम आमंत्रित करते हैं।”

मोदी ने कहा कि ब्रिक्स में फैसले आम सहमति और सहयोग के आधार पर लेने चाहिए और इसके लिए जरूरी है कि सभी अंतर्राष्ट्रीय कानूनों का पालन करें।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जलवायु परिवर्तन के कारण उत्पन्न चुनौतियों से सबको मिलकर निपटना होगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि नए ब्रिक्स विकास बैंक को अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए धन मुहैया कराना चाहिए।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार की जरूरत पर बल दिया।

आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आतंकवाद व अतिवाद से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “मैं नए विकास बैंक को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में पहली बड़ी परियोजना को धन मुहैया कराते देखना पसंद करूंगा।”

मोदी ने एक सालाना ब्रिक्स व्यापार मेले का प्रस्ताव रखा और कहा कि भारत इस तरह के पहले आयोजन की मेजबानी कर सकता है।

उन्होंने ब्रिक्स फिल्म फेस्टिवल तथा फिल्म अवार्ड्स में ब्रिक्स सहयोग का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को एक दूसरे से जोड़ने में मदद मिलेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493