तेहरान, 23 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यहां ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली हुसैनी खामेनी से मुलाकात की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, “अनोखे रिश्ते की मजबूती को प्रकट करने वाला एक दुर्लभ सम्मान। सर्वोच्च नेता अली खामेनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी की।”
इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि खामेनी ईरान दौरे पर आने वाले दुनिया के नेताओं से कभी-कभार ही मिलते हैं।
इससे पहले सोमवार को मोदी और ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई, जिसके बाद 12 द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर हुए।
बाद में भारत, ईरान और अफगानिस्तान ने एक परिवहन एवं पारगमन गलियारे के लिए चाबहार बंदरगाह के विकास हेतु एक त्रिपक्षीय समझौते पर हस्ताक्षर किए।
मोदी ने इंडिया-ईरान टू ग्रेट सिविलाइजेशंस : रेट्रोस्पेक्ट-प्रोस्पेक्ट्स (भारत-ईरान दो महान सभ्यताएं : सिंहावलोकन एवं संभावनाएं) शीर्षक वाले दो दिवसीय सम्मेलन में भी भाग लिया। इस सम्मेलन का आयोजन ईरान में भारत के सांस्कृतिक महोत्सव के हिस्से के रूप में किया गया है। इसे भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की ओर से तेहरान स्थित भारतीय दूतावास व अन्य संस्थानों के साथ मिलकर आयोजित किया गया है।
dharmpath.com dharmpath