नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को छठी बार तमिलनाडु की मुख्यमंत्री बनने पर जे. जयललिता को बधाई दी।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, “शपथग्रहण पर जयललिता जी एवं उनकी टीम को बधाई। तमिलनाडु की उन्नति के लिए केंद्र नई सरकार के साथ मिलकर काम करेगा।”
अखिल भारतीय द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) की नेता जयललिता ने चेन्नई में तमिलनाडु की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ उनके मंत्रिमंडल के 28 सदस्यों ने भी शपथ लिया।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले मोर्चे ने 234 सीटों में से 134 पर जीत दर्ज की है।
जयललिता की पार्टी भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) का दो बार हिस्सा रही है, लेकिन अभी वह राजग से अलग है।
राजनीतिक मतभेदों के बावजूद मोदी और जयललिता के संबंध अच्छे हैं।
वर्ष 2011 में जयललिता के शपथ ग्रहण समारोह में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी ने भाग लिया था।
वर्ष 2012 में 26 दिसंबर को जब मोदी ने चौथी बार गुजरात के मुख्यमंत्री का पद संभाला था, तो मुख्यमंत्री जयललिता की मौजूदगी ने पूरे माहौल को एक नया कलेवर दे दिया था।
dharmpath.com dharmpath