मोदी प्रचारशास्त्री, अर्थव्यवस्था पर श्वेत पत्र जारी हो : कांग्रेस

नई दिल्ली, 1 सितम्बर (आईएएनएस)। सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 5.7 फीसदी तक गिर जाने के बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को अर्थव्यवस्था पर श्वेत पत्र की मांग की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘प्रचारशास्त्री’ करार दिया।

कांग्रेस प्रवक्ता आनंद शर्मा ने कहा कि अगर पुरानी पद्धति से आंका जाए तो वास्तविक जीडीपी वृद्धि 4.3 से 4.4 फीसदी ही होगी।

सरकार को निक्क्मा करार देते हुए कांग्रेस ने दस साल के जीडीपी आंकड़े की मांग की।

आनंद शर्मा ने कहा, “जो संख्याएं सामने आई हैं, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मोदी और वित्त मंत्री अरुण जेटली को इस पर पहले से ही आगाह किया था कि जीडीपी तेजी से गिरने जा रही है।”

उन्होंने कहा, “तब, दोनों ने उन पर कड़ी नाराजगी जताई थी। मोदी ने शिष्टाचार व सभ्यता नहीं दिखाई और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री व पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के उम्र व अनुभव का सम्मान नहीं किया। मनमोहन सिंह सही साबित हुए। जीडीपी बीते छह तिमाही से गिर रही है।”

उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ प्रधानमंत्री सोचते हैं कि उन्हें अर्थव्यवस्था का बेहतरीन ज्ञान व समझ है। वह प्रचार करते रहे कि भारत तेजी से बढ़ रहा है। शर्मा ने कहा, “क्या यही है वह जिसे आप विकास कहते हैं।”

मोदी पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शर्मा ने कहा कि मोदी के पास कोई दृष्टिकोण या रोडमैप अर्थव्यवस्था के सुधार के लिए नहीं है।

उन्होंने कहा, “जीडीपी लगातार गिर रही है। अभी हमने 5.7 फीसदी की गिरावट देखी है। यदि हम पुरानी कार्यप्रणाली से देखें तो यह 4.3 से 4.4 फीसदी के बीच होगी। जीडीपी में गिरावट भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा नुकसान होगी।”

उन्होंने कहा, “इसलिए हमारी मांग है कि सरकार दस सालों के जीडीपी नंबर जारी करे.. हम भारतीय अर्थव्यवस्था पर एक श्वेत पत्र की भी मांग करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493