राष्ट्रीय कृषि मेला का उद्घाटन करने पहुंचे राधा मोहन ने सबसे पहले छत्तीसगढ़ को तीन बार कृषि कर्मण पुरस्कार मिलने पर बधाई दी। उसके बाद कहा कि 31 महीने की मोदी सरकार किसानों के लिए समर्पित है।
उन्होंने कहा कि देश में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के बाद पहली बार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 18 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
राधा मोहन ने किसानों को बताया कि प्रधानमंत्री ने देश में दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना चलाई है। इस योजना के तहत गांव के प्रत्येक मकान में बिजली लगाई जाएगी, तभी इस योजना को सफल माना जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों व ग्रामीणों के लिए अलग-अलग फीडर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक देश के 14 करोड़ किसानों की आय दुगुनी की जाएगी। इसके लिए खाद के दाम में कमी और फसल के समर्थन मूल्य में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने सॉइल हेल्थ कार्ड के बारे में भी किसानों को जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस कार्ड के माध्यम से किसानों के खेत की मिट्टी का परीक्षण किया जाएगा और प्रत्येक दो वर्षों में इस कार्ड को रिन्यू भी किया जाएगा।
उन्होंने कम पानी से ज्यादा पैदावार की भी बात कही और प्रधानमंत्री सिंचाई योजना के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वन इट ट्रेडिंग से किसानों को जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। इस योजना से छत्तीसगढ़ का किसान भी इपनी फसल देश के किसी भी व्यापारी को बेच सकता है और बिचौलियों से छुटकारा मिल जाएगा।
dharmpath.com dharmpath