नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को मोदी सरकार पर पहले हुए सर्जिकल स्ट्राइक को नकारने को लेकर निशाना साधा।
बताया जाता है कि विदेश सचिव एस. जयशंकर ने विदेश मामलों पर संसद की स्थायी समिति को बताया है कि पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक हो चुके हैं। इसके एक दिन बाद कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसे अब मान लेना चाहिए कि भारतीय सेना पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक कर चुकी है।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस ने गत 28-29 सितम्बर को नियंत्रण रेखा के उस पार किए गए सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर कभी भी संदेह नहीं किया। उन्होंने रक्षा बलों की कार्रवाई को लगातार राजनीतिक रंग देने के भाजपा के प्रयास पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर सवाल उठाया।
सिंघवी ने यहां मीडिया से कहा, “सरकार को इनकार नहीं करना चाहिए कि सर्जिकल स्ट्राइक पहले भी हो चुके हैं। जब हम सैन्य अभियान का समर्थन करते हैं तो उन्हें यह कहने की उदारता बरतनी चाहिए कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब देश ने ऐसे हमले किए हों।”
सिंघवी ने संसदीय समिति को पहले हुए सर्जिकल स्ट्राइक की तरह के सैन्य अभियानों के बारे में बताए जाने का हवाला देते हुए कहा, “विदेश सचिव ने संक्षेप में कहा है कि पहले भी सर्जिकल स्ट्राइक हुए हैं। हमारे पास उनके इस संक्षिप्त कथन पर भरोसा नहीं करने का कोई कारण नहीं है।”
उन्होंने पूछा, “क्या यह अच्छा लगता है कि देश के रक्षा मंत्री की बात का कोई और नहीं बल्कि विदेश सचिव खंडन करे?”
सिंघवी ने कहा, “इन दोनों में से कौन झूठ बोल रहा है? विदेश सचिव ने बहुत सोच-समझकर एवं संक्षेप में बोला है।”
उन्होंने कहा है कि केवल अपना नंबर बढ़ाने के लिए इस तरह का झूठ बोलना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि यह देश को खराब रूप में पेश करता है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री हमलोगों के साथ यह कहते हैं कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। जबकि यही काम ठीक उनकी नाक के नीचे उनके सहयोगी कर रहे हैं।
सिंघवी ने सवाल किया, “प्रधानमंत्री ने एक बार भी उत्तर प्रदेश में लगे उन पोस्टरों का उल्लेख क्यों नहीं किया जिसने इन हमलों को राजनीतिक रंग दिया है? “
dharmpath.com dharmpath