अगरतला, 3 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता सी.पी. जोशी ने बुधवार को यहां कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार और भाजपा लोगों को अपनी कुटिल चालों के जरिए बेवकूफ बनाने की कोशिश कर रही है। लेकिन वे ज्यादा समय तक इसमें सफल नहीं हो पाएंगे।
कांग्रेस महासचिव ने यहां एक जनसमूह के समक्ष कहा, “मोदी सरकार और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) लोगों को मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है..लेकिन सभी लोगों को पूरे समय के लिए धोखे में नहीं रखा जा सकता।”
उन्होंने कहा, “केंद्र की सभी योजनाएं और परियोजनाएं, जिसे पहले की कांग्रेस सरकार ने शुरू की थी, मोदी सरकार उनमें थोड़ा परिवर्तन कर और नाम बदल कर चला रही है।”
त्रिपुरा और पूर्वोत्तर राज्यों के पार्टी प्रभारी जोशी बुधवार को यहां पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में लोगों ने मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। “यहां तक कि मोदी के गुजरात में भी राज्य सरकार के कुशासन की वजह से भाजपा अपनी जमीन खो रही है।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी साल 2018 के विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा से वाम मोर्चा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए एक अभियान शुरू करेगी।
कांग्रेस नेता गोपाल राय ने कहा कि पार्टी 12 अगस्त को माकपा नेतृत्व वाले नगर निगम द्वारा संपत्ति कर में की गई अधिक बढ़ोतरी के विरोध में 12 घंटे का बंद आहूत करेगी।
dharmpath.com dharmpath