कुआलालंपुर, 23 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण-पूर्व एशिया की अपनी चार दिवसीय यात्रा के दूसरे व अंतिम पड़ाव के तहत सोमवार को मलेशिया से सिंगापुर के लिए रवाना हो गए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, “मलेशिया की बहुपक्षीय व द्विपक्षीय यात्रा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिंगापुर के लिए रवाना हो गए।”
इससे पहले सोमवार को मोदी ने मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसके बाद दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी किया।
मोदी व रजाक ने ‘तोरण द्वार’ का संयुक्त तौर पर उद्घाटन किया, जो कुआलालंपुर के ब्रिक्सफील्ड इलाके में स्थित है। ब्रिक्सफील्ड यहां ‘लिट्ल इंडिया’ ने नाम से मशहूर है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मलेशिया के कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों के साथ भी एक बैठक की।
मोदी ने शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचने के बाद 13वें आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के संघ)-भारत शिखर सम्मेलन व 10वें पूर्वी एशिया सम्मेलन में हिस्सा लिया।
इसके अलावा, उन्होंने चीन के प्रधानमंत्री ली केकियांग व जापान के प्रधानमंत्री शिंजो अबे के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी की।
dharmpath.com dharmpath