मोदी से मिले शिवराज, फसल बीमा योजना को बताया ऐतिहासिक

भोपाल, 21 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर नई फसल बीमा योजना जारी करने पर बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत में यह एक ऐतिहासिक योजना है जिसमें किसानों एवं खेती से जुड़े हर पहलू का विशेष ध्यान रखा गया है।

राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मुख्यमंत्री चौहान ने लगभग आधा घंटा चली बैठक में प्रधानमंत्री को नई फसल बीमा योजना को मूर्तरूप देने पर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में प्रस्तावित किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित भी किया। चौहान ने कहा कि प्रदेश के किसान नई फसल बीमा योजना लागू करने पर प्रधानमंत्री मोदी का अभिनंदन करना चाहते हैं।

चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी को मध्यप्रदेश द्वारा लगातार चौथी बार कृषि कर्मण अवार्ड से नवाजे जाने की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि कृषि के क्षेत्र में मध्यप्रदेश नित नये आयाम स्थापित कर रहा है।

चौहान ने प्रदेश में चल रही फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मनरेगा, स्वच्छ भारत अभियान आदि के बारे में भी बताया। चौहान ने बताया कि हाल ही में केन्द्र सरकार द्वारा जारी स्टार्टअप फंड योजना की तरह मध्यप्रदेश ने भी इस तरह की योजना प्रदेश के उद्यमियों के लिए शुरू की है। चौहान ने प्रधानमंत्री को उज्जैन में 22 अप्रैल 2016 से शुरू होने वाले सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों से भी अवगत कराया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493