मोदी स्वीडन की मंत्री से मिले, निवेश का न्योता दिया

गांधीनगर, 10 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को स्वीडन की शिक्षा मंत्री अन्ना एक्सट्रोम से मुलाकात की तथा हरित प्रौद्योगिकी एवं स्मार्ट सिटी व स्किल इंडिया जैसे महत्वाकांक्षी उपक्रमों में भारत में संभावनाओं को लेकर बात की।

यहां वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन से इतर एक बैठक में मोदी ने बीते साल ‘मेक इन इंडिया’ को लेकर स्वीडन के प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन की भारत यात्रा का स्मरण किया और कहा कि भारत उनके समर्थन के लिए शुक्रगुजार है।

उन्होंने कहा, “हरित प्रौद्योगिकी, स्मार्ट सिटी, स्किल इंडिया तथा डिजिटल इंडिया में स्वीडन के निवेश को लेकर भारत में व्यापक संभावनाएं हैं।”

मोदी ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “भारत व स्वीडन के बीच व्यापार व निवेश संबंध बेहद मजबूत है। हमारे बीच वर्तमान में दो अरब डॉलर का व्यापार हो रहा है, जिसे अगले दो वर्षो में पांच अरब डॉलर तक बढ़ाने पर दोनों देशों ने सहमति जताई है। दो तरफा निवेश में भी तेजी आई है। स्वीडन की कंपनियों ने भारत में 1.2 अरब डॉलर का निवेश किया है, वहीं भारतीय कंपनियों ने स्वीडन में 70 करोड़ डॉलर का निवेश किया है।”

एक्सट्रोम का स्वागत करते हुए मोदी ने इस बात पर प्रसन्नता जताई कि स्टॉकहोम में अगस्त 2017 में होने वाले सांस्कृतिक समारोह के लिए भारत को ‘फोकस कंट्री’ के रूप में चुना गया है।

उन्होंने मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था (एमटीसीआर) तथा परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता का समर्थन करने के लिए स्वीडन का शुक्रिया अदा किया। साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में भारत की स्थायी सदस्यता की दावेदारी का समर्थन करने के लिए भी स्वीडन का शुक्रिया अदा किया।

स्वीडन की मंत्री ने कहा कि लोफवेन के भारत दौैरे के दौरान किए गए समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनका देश प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, “स्वीडन विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है।”

मंत्री ने कहा, “भारत-स्वीडन बिजनेस लीडर्स राउंड टेबल भी बेहद सक्रिय है और इसने भारत के साथ लाभदायक साझेदारी को अंजाम देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।”

उन्होंने लोफवेन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिए गए स्वीडन यात्रा के निमंत्रण को दोहराया।

पांचवां वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक सम्मेलन यहां 10-13 जनवरी के बीच हो रहा है, जिसका फोकस ‘सतत आर्थिक व सामाजिक विकास’ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493