मोदी, हसीना मिलकर करेंगे बिजली आपूर्ति व इंटरनेट गेटवे की शुरुआत

अगरतला, 8 मार्च (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना साथ मिलकर बांग्लादेश को 100 मेगावॉट बिजली की आपूर्ति और तीसरे अंतर्राष्ट्रीय इंटरनेट गेटवे (आईआईजी) की 23 मार्च को शुरुआत करेंगे। त्रिपुरा के एक मंत्री ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी।

सरकार ने पहले त्रिपुरा के बिजली घरों से बांग्लादेश को अतिरिक्त 100 मेगावॉट बिजली आपूर्ति करने की घोषणा की थी। इसके लिए 47 किलोमीटर लंबी संचारण लाइन बनाने की भी घोषणा की थी, ताकि त्रिपुरा के बिजली घर से पूर्वी बांग्लादेश के कोमिला बिजली घर को जोड़ा जा सके।

त्रिपुरा के बिजली एवं परिवहन मंत्री मानिक डे ने बताया, “विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक सरकार को बताया कि मोदी और हसीना साथ मिलकर 23 मार्च को इसकी शुरुआत करेंगे।”

उन्होंने कहा, “सुषमा स्वराज ने माणिक सरकार से नई दिल्ली और ढाका में एक साथ चल रहे वीडियो कांफ्रेंसिंग कार्यक्रम में भाग लेने की गुजारिश की है।”

हाल में बिजली मंत्री बिजली की दर को तय करने के लिए ढाका गए थे। वहां उन्होंने दरों को अंतिम रूप देने के लिए बांग्लादेश की सरकार के साथ कई दौर की बैठकें कीं। उन्होंने बताया कि यह तय किया गया है कि बांग्लादेश को 5.5 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।

डे ने कहा कि अगर केंद्र को कोई आपत्ति ना हो तो त्रिपुरा, बांग्लादेश को अतिरिक्त बिजली की आपूर्ति करने को भी तैयार है।

मोदी ने पिछले साल 6-7 जून को अपनी ढाका यात्रा के दौरान हसीना से त्रिपुरा से बिजली की आपूर्ति के मुद्दे पर बातचीत की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493