मोनाको, 27 मई (आईएएनएस)। फेरारी टीम के चालक किमी राइकोनेन ने मोनाको ग्रां प्री की मुख्य रेस के लिए पोल पोजीशन हासिल कर ली है। वहीं, मर्सीडीज टीम के मौजूदा विश्व चैम्पियन लुइस हेमिल्टन को 14वां स्थान मिला है।
पूर्व विश्व चैम्पियन फिनलैंड निवासी राइकोनेन ने शनिवार को आयोजित क्वालीफाइंग रेस में पहला स्थान हासिल किया। नौ साल में वह पहली बार पोल पोजिशन हासिल करने में सफल हुए हैं।
अंतिम बार उन्होंने 2008 में फ्रेंच ग्रां प्री में यह कारनामा किया था। राइकोनेन ने अपने करियर में 17वीं बार पोल पोजीशन प्राप्त किया है। राइकोनेन ने क्वालीफाईंग में सबसे तेज एक मिनट 12.178 सेकेंड का समय निकाला।
राइकोनेन ने अपनी टीम के चालक सेबास्टियन वीटल को 0.043 सेकेंड और मर्सीडीज टीम के चालक वाल्टन वोटास को पीछे छोड़ा। इन दोनों को क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान मिला।
रेड बुल के डच चालक मार्क वेस्र्टापेन को चौथा स्थान प्राप्त हुआ जबकि आस्ट्रेलिया के डेनियल रिकाडरे ने पांचवां स्थान हासिल किया।
टोरो रोसो टीम के स्पेनिश चालक कार्लोस सेंज छठे स्थान से मुख्य रेस की शुरुआत करेंगे।
बीबीसी ने राइकोनेन के हवाले से लिखा है, “हम जानते थे की हम क्या कर रहे हैं। हम टीम के साथ रेस कर रहे थे। हमारे कुछ नियम हैं। लोगों को पिछले दो वर्षो से कुछ अलग की उम्मीद है। हालांकि कुछ भी नहीं बदला है।”
राइकोनेन रविवार को होने वाली मुख्य रेस के लिए ग्रीड पर पहले स्थान से शुरुआत करेंगे। मोनाको ग्रां प्री को विश्व चैम्पियनशिप कैलेंडर की सबसे कठिन रेसों में से एक माना जाता है।
dharmpath.com dharmpath