मोहन भागवत 2 दिवसीय भोपाल प्रवास पर

भोपाल, 11 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर मचे बवाल के बीच राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत के दो दिवसीय (11-12 जुलाई) भोपाल प्रवास की खबर ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। भागवत इस प्रवास के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों के अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और संघ से जुड़े लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

भागवत शुक्रवार रात भोपाल पहुंचे, जहां वह संघ के मुख्यालय ‘समिधा’ में ठहरे हैं। भागवत शनिवार को मुख्यमंत्री चौहान से मुलाकात कर सकते हैं। इस मुलाकात को व्यापमं घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है।

भागवत शनिवार शाम को यहां गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा के उपन्यास ‘परितप्त लंकेश्वरी’ का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान के अलावा लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी उपस्थित रहेंगी।

संघ के सूत्रों के अनुसार, रविवार को भागवत कई कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। इस दिन वे संघ के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के प्रमुखों से चर्चा कर उनके कामकाज की समीक्षा करेंगे। रविवार को संघ की समन्वय बैठक भी होगी, जहां भागवत संघ के स्वयंसेवकों से भी मुलाकात करेंगे।

ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश व्यापमं घोटाले ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ-साथ संघ को भी सुर्खियों में ला दिया है। संघ से जुड़े कई लोगों के इस घोटाले से जुड़े होने के बारे में चर्चाएं हैं। सर्वोच्च न्यायालय ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया है, जिससे बाद से भाजपा के साथ-साथ संघ में भी हलचल है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493