मोहाली टेस्ट : भारत ने गंवाए 3 विकेट, द. अफ्रीका का पलड़ा भारी (लीड-2)

मोहाली (पंजाब), 5 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) मैदान पर शुरू हुए पहले टेस्ट मैच के पहले सत्र में भारत के 82 रनों पर तीन विकेट झटक लिए हैं।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने पहले सत्र के 27 ओवरों में 3.03 के धीमे औसत से रन बटोरे हैं। बीते छह महीनों से भारत के लिए कई अच्छी पारियां खेल चुके सलामी बल्लेबाज मुरली विजय 40 और अजिंक्य रहाणे तीन रन बनाकर नाबाद हैं।

इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए अब तक 17 रनों की साझेदारी की है। भारत ने सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (0), चेतेश्वर पुजारा (31) और कप्तान विराट कोहली (1) के विकेट गंवाए हैं।

पीसीए मैदान पर ही अपने करियर का आगाज करते हुए आस्ट्रेलिया के खिलाफ तेज शतक लगाने वाले धवन शून्य के कुल योग पर वेरनान फिलेंडर की गेंद पर हाशिम अमला के हाथों स्लिप में लपके गए।

इसके बाद पुजारा और विजय ने दूसरे विकेट के लिए 63 रनों की साझेदारी की। यह जोड़ी अच्छा खेल रही थी लेकिन डीन एल्गर ने पुजारा को पगबाधा आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। पुजारा ने 66 गेंदों का सामना करते हुए छह चौके लगाए।

पुजारा का विकेट 63 के कुल योग पर गिरा। उनका स्थान लेने आए कप्तान कोहली अपने जन्मदिन को खास नहीं बना सके और चार गेंदों का सामना कर अपना पहला टेस्ट खेल रहे कागिसो राबाडा की गेंद पर एल्गर के हाथों कैच हुए।

विजय ने 80 गेंदों का सामना कर छह चौके लगाए हैं जबकि रहाणे ने 10 गेंदों का सामना किया है।

दक्षिण अफ्रीका की ओर से फिलेंडर, राबाडा और एल्गर को एक-एक सफलता मिली है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493