बर्लिन, 6 अगस्त (आईएएनएस)। म्यूनिख में 22 जुलाई को अंधाधुंध गोलीबारी कर नौ लोगों की जान लेने वाले अली डेविड सोनबोली ने हमला करने से पहले हथियार चलाने का प्रशिक्षण लेने के लिए अपने पिता के साथ कथित तौर पर ईरान का दौरा किया था।
मिरर डॉट को डॉट यूके के मुताबिक, समाचार पत्रिका ‘फोकस’ की रिपोर्ट में कहा गया है कि जर्मनी तथा ईरान की दोहरी नागरिकता रखने वाले 18 वर्षीय डेविड ने दिसंबर 2015 में ईरान में हथियार चलाने का प्रशिक्षण लिया था।
उसका परिवार दो साल पहले ईरान से म्यूनिख आया था।
मिरर डॉट को डॉट यूके के मुताबिक, सोनबोली पर हिंसक कंप्यूटर गेम खेलने का जुनून सवार था। उसने हमला करने के लिए डार्क वेब से 80 पौंड (104 डॉलर) में 9 एमएम का एक ग्लॉक हैंडगन खरीदा था।
जर्मनी के जांचकर्ताओं ने कहा कि हमलावर एडॉल्फ हिटलर से प्रेरित था और उसने चौंकानेवाले नस्लवादी विचार व्यक्त किए थे।
म्यूनिख अभियोजन कार्यालय ने रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, “हम जारी जांच के कारण मामले के इस पहलू पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।”
सोनबोली का शव शॉपिंग सेंटर के निकट सड़क किनारे से पाया गया था, जहां उसने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली थी।
dharmpath.com dharmpath