पटना, 6 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को छात्रवृत्ति कटौती के विरोध में प्रदर्शन कर रहे दलित छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने ‘हल्ला बोल’ का आयोजन किया, जिसके तहत राजग नेता शनिवार को एकदिवसीय धरने पर बैठे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय के समीप आयोजित इस ‘महाधरना कार्यक्रम’ में भाजपा के अलावा राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी (रालोसपा), लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) और हिन्दुस्तानी अवामा मोर्चा (हम) के नेता और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
धरने पर बैठे भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने कहा, “देश में कथित तौर पर दलितों के झंडाबरदार बनने वाले बिहार में सत्ता में बैठे हैं और यहां दलित छात्रों के छात्रवृत्ति मांगने पर लाठी से पिटाई करवा रहे हैं। यह उनके दोहरे चरित्र को दिखलाता है।”
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आरोप लगाया, “सरकार दलितों के मुद्दे पर असंवेदनशील रवैया अपना रही है। छात्रवृत्ति राशि में कटौती हुई और जब इसका विरोध छात्रों ने किया तो उनपर पुलिस ने लाठी बरसा दी।”
लोजपा नेता और सांसद चिराग पासवान ने धरने में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद दलितों पर अत्याचार बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेवजह दलित छात्रों की छात्रवृत्ति में कटौती कर दी गई। यह एक तरह से दलितों की जख्म पर नमक छिड़कने जैसा है।
उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के छात्र, छात्रवृत्ति राशि में कटौती के विरोध में और विभिन्न मांगों को लेकर ‘छात्र कल्याण संघ’ के बैनर तले पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को विधानसभा मार्च करने वाले थे। इस मार्च में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिले के छात्र पटना पहुंचे थे। इसी क्रम में पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास छात्रों पर लाठी चार्ज कर दिया था। इसमें करीब एक दर्जन छात्र घायल हुए थे।
इस मुद्दे को लेकर बिहार विधानसभा में भी विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया था। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, सुशील मोदी सहित विपक्ष के कई नेताओं ने घायल छात्रों से मुलाकात की थी और उनके आंदोलन को समर्थन देने का एलान किया था।
गौरतलब है कि छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया था और धरने पर बैठे थे।
dharmpath.com dharmpath