झांसी, 6 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में बुंदेलों की नगरी झांसी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति शनिवार को शुरू हो गई। कार्यसमिति का उद्घाटन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कलराज मिश्र ने किया।
झांसी स्थित भानी देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शनिवार को दोपहर में कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। कार्यसमिति के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय रेल एवं संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज भी उपस्थित थीं।
कलराज ने कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करते हुए कार्यकर्ताओं को निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की नसीहत दी। कलराज ने इस दौरान प्रदेश की अखिलेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कलराज ने कहा, “सूबे की सरकार लगातार आरोप लगा रही है कि केंद्र सरकार पैसा नहीं देती। लेकिन यह आरोप सरासर गलत है। केंद्र की वर्तमान मोदी सरकार ने जितना पैसा अखिलेश सरकार को दिया है, उतना पैसा पिछली राजग सरकार में भी नहीं मिला था।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “उप्र में सांप्रदायिक ध्रुवीकरण की पूर्वनियोजित साजिश रची जा रही है। उप्र में किसी भी समय अराजकता की स्थिति पैदा हो सकती है। आज राज्य में हालत यह है कि लोग बलात्कार और लूट के डर से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं।”
बुलंदशहर में घटी सामूहिक दुष्कर्म की घटना का जिक्र करते हुए कलराज ने उप्र सरकार के मंत्री आजम खान पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री को बुलंदशहर में हुए दुष्कर्म कांड में साजिश नजर आ रही है। दरअसल, ये लोग जानबूझकर उप्र का माहौल खराब करना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, “राज्य में ऐसी स्थिति पैदा हो गई है कि रक्षक ही भक्षक बन गया है। लोग यह कहने को मजबूर हैं कि उप्र में और कितने दुष्कर्म होंगे। दादरी, कैराना जैसी घटनाएं कराकर तनाव पैदा किया जाता है और ध्रुवीकरण की कोशिश की जाती है।”
dharmpath.com dharmpath