अदन, 19 जनवरी (आईएएनएस)। यमन के दक्षिणी शहर अदन में अलकायदा के एक संदिग्ध आतंकवादी ने देर सोमवार एक आतंकवाद-रोधी न्यायाधीश की गोली मारकर हत्या कर दी।
अदन में पिछले कुछ दिनों में अधिकारियों के खिलाफ इस तरह के जानलेवा हमले हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने पुलिस के हवाले से कहा कि यमन में अलकायदा शाखा के संदिग्ध आतंकवादी ने देर सोमवार एक स्थानीय न्यायाधीश अब्दुल-हादी मुफ्लही की गोली मारकर हत्या कर दी।
चश्मदीदों का कहना है कि नकाबपोश बंदूकधारी हमलावर ने मुफ्लही पर कई राउंड गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि अदन के अधिकारियों द्वारा शहर की सड़कों पर मोटरसाइकिल सवारों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाए जाने के दो घंटे बाद इस हत्या को अंजाम दिया गया।
स्थानीय सुरक्षा सूत्रों ने इस घटना के लिए अलकायदा को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस हत्या की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पिछले कुछ दिनों से अदन में इसी तरह की घटनाओं में कई सैन्य खुफिया अधिकारियों, सरकार के आतंकवाद-रोधी अधिकारियों और न्यायाधीशों की हत्या कर दी गई।
dharmpath.com dharmpath