यमन को हैजे से निपटने में मदद देगा सऊदी अरब

रियाद, 24 जून (आईएएनएस)। हैजा की भीषण महामारी से जूझ रहे यमन को सऊदी अरब ने करोड़ों डॉलर की मदद देने की योजना बनाई है।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, महामारी से निपटने के लिए रियाद ने शुक्रवार को यूनिसेफ, विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) तथा उनके साझीदारों को 6.6 करोड़ डॉलर का दान देने की घोषणा की।

अंदरूनी संघर्ष से जूझ रहे यमन में हैजा के मामले तेजी से बढ़ते जे रहे हैं। दूषित पानी से होने वाली यह महामारी आवश्यक चीजों की आपूर्ति न होने से और भीषण रूप लेती जा रही है और यमन में लगातार हैजे के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

27 अप्रैल को महामारी का पता लगा, जिसके बाद से लेकर गुरुवार तक 1,100 लोगों की हैजे से मौत हो चुकी है।

डब्ल्यूएचओ के वरिष्ठ चिकित्सा परामर्शदाता जेवियर दे राडिगुस के मुताबिक, यमन में फिलहाल 192,983 लोग हैजे से पीड़ित हैं।

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तक यह आंकड़ा 300,000 तथा बाद में 400,000 तक पहुंच सकता है।

शाही अदालत में सलाहकार तथा शाह सलमान मानवीय सहायता एवं राहत केंद्र में जनरल सुपरवाइजर अब्दुल्ला बिन अब्दुलअजीज अल-राबिह ने कहा, “यमन में हैजा तथा सामान्य मानवीय समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए सऊदी अरब अपने सहायता साझीदारों के साथ मिलकर कार्य करने को प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने कहा, “यमन के लोगों के लिए हम मानवीय व राहत प्रयासों के व्यापक क्षेत्र में अपने साझीदारों के साथ मदद देना जारी रखेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493