यमन : गठबंधन सेना के हमले में 100 से अधिक मरे

सना, 7 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तरी व दक्षिणी यमन में हौती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले दो इलाकों में सऊदी अरब के नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के हवाई हमलों में 100 से अधिक लोग मारे गए। मृतकों में अधिकांश नागरिक हैं, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए हैं।

समाचार एजेंसी सबा तथा प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार को हुए हमले से उत्तरी अमरान प्रांत तथा दक्षिणी लाहेश प्रांत के दो मशहूर बाजार प्रभावित हुए।

सबा के मुताबिक, अमरान में बमबारी से 40 लोग मारे गए, जिनमें महिलाएं तथा बच्चे भी शामिल हैं। ये सभी खरीदार या विक्रेता थे।

एक प्रत्यक्षदर्शी ने समाचार एजेंसी एफे से कहा कि हमला हौती विद्रोहियों के एक वाहन को निशाना बनाकर किया गया, जो उस इलाके से गुजर रहा था।

इस बीच लाहेश प्रांत स्थित एक मवेशी बाजार में 50 से अधिक लोग मारे गए, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए।

दूसरा हमला राजधानी सना स्थित अल-जराफ में हौती विद्रोहियों के राजनीतिक दफ्तर के मुख्यालय पर हुआ।

उल्लेखनीय है कि विद्रोही समूह ने जनवरी में राजधानी सना पर नियंत्रण कर लिया था।

सोमवार को गठबंधन सेना के विमानों ने जनरल पीपुल्स कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय को निशाना बनाया, जो सना में हौती का सहयोगी है। साथ ही पार्टी के कई नेताओं व विद्रोही आंदोलन को भी निशाना बनाया गया।

ये हमले तब हुए हैं, जब संयुक्त राष्ट्र में यमन के विशेष दूत इस्माइल ओल्द शेख अहमद मानवीय संघर्ष विराम को लेकर मध्यस्थता के लिए यमन की राजधानी सना के दौरे पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493