तिरूवनंतपुरम, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संघर्ष प्रभावित यमन में फंसे केरलवासियों की मदद के लिए तेजी से कार्य करने की अपील की।
चांडी ने मोदी को लिखे एक पत्र में कहा है कि उन्हें यमन में काम करने वाली केरल की परेशान नर्सो के फोन आ रहे हैं।
उन्होंने इस ओर संकेत किया कि पाकिस्तान और चीन के लोगों को पहले ही बाहर निकाल लिया गया है।
चांडी ने लिखा, “वे (नर्से) रो रही हैं और अपनी जान की सलामती के लिए चिंतित हैं। यदि जल्द ही कोई कदम नहीं उठाए गए, तो उनकी जान को खतरा है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री से यमन की राजधानी सना तथा अन्य हवाईअड्डों पर भारतीय विमानों को उतरने की अनुमति देने के लिए सऊदी अरब से बात करने के लिए भी कहा।
उन्होंने कहा कि यमन से लौटने की इच्छा रखने वाले सभी भारतीयों को बिना किसी शुल्क के एक निकास पास दिया जा सकता है।
चांडी ने कहा, “सना सैन्य अस्पताल सहित कुछ अन्य अस्पताल हमारी नर्सो को यमन छोड़ने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। वे मुआवजा मांग रहे हैं और उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं।”
उन्होंने कहा, “यमन स्थित भारतीय दूतावास को ऐसे सभी अस्पतालों से संपर्क करना चाहिए और वैसे नर्स व पारामेडिकल कर्मचारियों के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, जो मुआवजा देने की स्थिति में नहीं हैं।”
केरल सरकार के सूत्रों के मुताबिक, करीब 600 केरलवासी सना हवाइअड्डे पर राहत विमान का इंतजार कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath